(शिब्ली रामपुरी)
मुंबई। देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर ‘देश मेरा, वोट मेरा’ नाम से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया गया है। 24 नवंबर को मुंबई मराठी पत्रकार संघ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान के तहत देश के अलग अलग हिस्सों में ‘महाभियोग पंचायतें’ आयोजित करने की जानकारी दी गई।
इन पंचायतों के जरिए आम लोगों के बीच चुनावी लोकतंत्र, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और चुनाव आयोग की संवैधानिक जवाबदेही जैसे मुद्दों पर बातचीत की जाएगी। अभियान का मकसद लोगों को उनके वोट के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जागरूक करना बताया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, अंजलि भारद्वाज, साबिर अली और मिहिर देसाई समेत कई लोगों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा को लोकतंत्र के लिए जरूरी बताया।कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी शाकिर शेख द्वारा किया गया .
आयोजकों के मुताबिक, महाराष्ट्र एसआईआर जागृति अभियान, पीयूसीएल और एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स के संयुक्त तत्वावधान में इस अभियान की शुरुआत की गई है।
अभियान के तहत प्रस्तावित ‘महाभियोग पंचायतों’ में स्थानीय लोगों को जोड़कर चुनाव और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने की योजना है। आयोजकों का कहना है कि लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी और उनके वोट की अहमियत को मजबूत करना जरूरी है।
‘देश मेरा, वोट मेरा’ अभियान के जरिए अब इन मुद्दों को देश के अलग अलग हिस्सों तक ले जाने की तैयारी है।
-क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

