–सईद हमीद
मुंबई : जमीयत उलेमा ए हिंद के पूर्व ऑर्गनाइज़र मौलाना मुहम्मद ताहिर मज़ाहिरी का लंबी बीमारी के बाद 81 वर्ष की उम्र में इंतकाल हो गया। उन्होंने अपने पैतृक स्थान शहजादपुर में आखिरी सांस ली। मौलाना ताहिर मज़ाहिरी करीब 45 वर्षों तक जमीयत उलेमा ए हिंद के केंद्रीय कार्यालय से जुड़े रहे और अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा दीनी और मिल्ली कामों की खिदमत में गुजारा।
मौलाना ताहिर मज़ाहिरी ने कुरआन की तालीम अपने वालिद हज़रत कारी शब्बीर अहमद से हासिल की। इसके बाद उन्होंने सहारनपुर के मशहूर मदरसा मज़ाहिर उलूम से दौरए हदीस की तालीम पूरी की। वर्ष 1976 में वह जमीयत उलेमा ए हिंद के केंद्रीय कार्यालय से जुड़े और वर्ष 2020 में खराब सेहत के कारण पेंशन पर रिटायर हुए।
उनकी जिंदगी का एक अहम पहलू हिमाचल प्रदेश और पंजाब में जमीयत के प्लेटफॉर्म से दीनी मकातिब की स्थापना और उनके विस्तार का काम रहा। एक दौर में इन इलाकों में मुस्लिम पहचान रखने वाले लोगों के लिए आवाजाही आसान नहीं थी। ऐसे मुश्किल हालात में पहले मौलाना ज़हीर आलम कासमी और बाद में मौलाना मुहम्मद ताहिर मज़ाहिरी ने हिम्मत और लगन के साथ पहाड़ी और दुर्गम इलाकों का सफर किया और सैकड़ों मकातिब की निगरानी की।
जमीयत उलेमा ए हिंद ने कहा कि मौलाना ताहिर मज़ाहिरी की ये दीनी और मिल्ली सेवाएं उनके लिए सदक़ए जारिया साबित होंगी।
उनके इंतकाल पर जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी और महासचिव मौलाना हकीमुद्दीन कासमी ने गहरे दुख का इज़हार किया। मौलाना महमूद असद मदनी के निर्देश पर केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और जमीयत उलेमा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मौलाना मुहम्मद आकिल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल शहजादपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने मौलाना ताहिर मज़ाहिरी की नमाज़े जनाज़ा में शिरकत की और उनके बेटों समेत परिवार के दूसरे लोगों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
प्रतिनिधिमंडल में जमीयत उलेमा जिला सहारनपुर के अध्यक्ष मौलाना गुलफाम, नाज़िम मौलाना सरताज कासमी, जमीयत उलेमा कस्बा देवबंद के अध्यक्ष मौलाना मुहम्मद इरफान रशीदी, नाज़िम कारी दिलशाद, मौलाना उस्मान खुर्शीदी और मौलाना अतहर हक़ानी समेत कई लोग शामिल थे।
जमीयत उलेमा ए हिंद के नेताओं ने मौलाना ताहिर मज़ाहिरी के परिवार और सभी शोकाकुल लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अल्लाह से दुआ की कि मौलाना की मगफिरत फरमाए, उनकी दीनी और मिल्ली सेवाओं को कबूल करे, उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता करे और उनके परिवार को सब्र दे। आमीन।
इस बीच जमीयत उलेमा ए हिंद के केंद्रीय कार्यालय में भी मौलाना ताहिर मज़ाहिरी की मगफिरत के लिए दुआ का आयोजन किया गया। कार्यालय के सभी साथी और कर्मचारी उनके इंतकाल से गमगीन हैं। लंबे समय तक कार्यालय से जुड़े रहे मौलाना ताहिर मज़ाहिरी की याद उनके साथियों के बीच हमेशा बनी रहेगी।
-क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

