आठ नए सदस्यों को भी मिली जिम्मेदारी, तीन साल के कार्यकाल के लिए नियुक्ति
लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य अल्पसंख्यक आयोग में नई नियुक्तियों की घोषणा कर दी है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से जारी सरकारी आदेश के अनुसार मोहसिन रज़ा को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही आयोग में विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए आठ नए सदस्यों को भी नामित किया गया है।
प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दार के हस्ताक्षर से 8 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, राज्यपाल की मंजूरी के बाद इन नियुक्तियों को अमल में लाया गया है।
तीन साल का होगा कार्यकाल
सरकारी आदेश के मुताबिक अध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से तीन वर्ष तक अथवा सरकार की इच्छा तक रहेगा।
नई नियुक्तियों के बाद उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के गठन को लेकर लंबे समय से चल रही प्रतीक्षा समाप्त हो गई है। उम्मीद की जा रही है कि आयोग अब अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े सामाजिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण मसाइल पर अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा।
आयोग में शामिल किए गए सदस्य
सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार निम्न लोगों को आयोग में जिम्मेदारी दी गई है,
मोहसिन रज़ा, लखनऊ, अध्यक्ष
संदीप जैन, एटा, सदस्य
अंशुमान कुमार सिंह मैसी, शाहजहांपुर, सदस्य
सरदार हनप्रीत सिंह बेदी, मुजफ्फरनगर, सदस्य
मोहम्मद असलम, फतेहपुर, सदस्य
सरदार परविन्दर सिंह, लखनऊ , सदस्य
नेहा खान, अंबेडकरनगर , सदस्य
सैयद सेराज अब्बास रिजवी, आजमगढ़, सदस्य
रुमाना सिद्दीकी, लखनऊ , सदस्य
अल्पसंख्यकों के मसाइल पर रहेगी नजर
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग राज्य में अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मामलों, उनकी शिकायतों, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नए अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के बाद उम्मीद की जा रही है कि शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर आयोग की सक्रियता बढ़ेगी।
नई टीम के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह होगी कि वह विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उन्हें सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाए।
मोहसिन रज़ा के नेतृत्व में गठित नया आयोग अब उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक समाज की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी।
–क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

