रिश्तों को रौशन करती दीवाली

Date:

 महेन्द्र तिवारी

दीवाली आते ही गाँव में एक अजीब सी चहल-पहल हो जाती थी। मिट्टी के दीयों की रौनक, पटाखों की गंध, गुड़ और घी में पकती मिठाइयों की सुगंध और इन सबसे बढ़कर एक अजीब सा अपनापन। जब भी दीवाली की बात होती है, मेरी आँखों के सामने नबी हसन चाचा और मुखियाईन चाची के चेहरे याद आ जाते हैं। वे मेरे बचपन की उन अनमोल स्मृतियों का हिस्सा हैं, जिनकी चमक समय की धूल से कभी धुँधली नहीं पड़ी। आज भी उनकी याद आते ही मन उसी पुराने गाँव की गलियों में लौट जाता है, जहाँ दीवाली की रोशनी केवल घरों को नहीं, दिलों को भी रोशन किया करते थे।

चाची का असली नाम क्या था, यह हम कभी जान ही नहीं पाए। पूरे गाँव में वे मुखियाईन के नाम से जानी जाती थीं और हम बच्चे उन्हें प्यार से मुखियाईन चाची या सिर्फ़ चाची कहकर पुकारते थे। उनकी अपनी कोई संतान नहीं थी, लेकिन शायद इसी वजह से हम बच्चों पर उनका स्नेह कुछ अधिक ही बरसता था। मुझ पर तो विशेष रूप से, क्योंकि मैं अपने घर में सबसे छोटा था। उनके स्नेह में एक ऐसी ममता थी, जिसमें अपने और पराए का कोई भेद नहीं था। गली में खेलते हुए जब भी मैं गिर पड़ता और मेरे घुटने छिल जाते, सबसे पहले चाची का आँचल ही मेरे आँसू पोंछने और चोट सहलाने पहुँचता। उनकी ममता भरी छुअन में न जाने कैसा जादू था कि दर्द से बिलखता बच्चा भी पल भर में चुप हो जाता था।

चाची के हाथों के बने अचार का स्वाद भी आज तक मेरी स्मृतियों में बसा हुआ है। हल्दी और सरसों के तेल में डूबे उनके अचार में ऐसा अनोखापन था कि जो भी एक बार चख लेता, तारीफ़ किए बिना नहीं रह पाता। उस अचार में केवल मसालों का स्वाद नहीं, चाची के हाथों का हुनर और उनके स्नेह की मिठास भी घुली रहती थी। आज सोचता हूँ तो लगता है कि बचपन के वे छोटे-छोटे सुख ही जीवन की सबसे अनमोल पूँजी थे, जिन्हें समय बीत जाने के बाद भी मन कभी खोना नहीं चाहता।

उस दौर में गाँव के अधिकांश घर मिट्टी के बने होते थे। नबी हसन चाचा का घर भी खपरैल का था। लोग उन्हें गरीब कहते थे, लेकिन उनके साफ-सुथरे कपड़े, करीने से सजा आँगन और सलीके से लीपी-पुती दीवारें देखकर मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि उनके घर में किसी चीज़ की कमी है। हर पर्व से पहले उनके घर की दीवारों पर मिट्टी की नई परत चढ़ जाती और आँगन की ताज़गी देखते ही बनती थी। उनके घर में भले ही सुख-सुविधाओं की भरमार नहीं थी, लेकिन साफ-सफाई, सलीके और आत्मसम्मान की कोई कमी नहीं थी। उनके व्यवहार में एक ऐसी अमीरी थी, जिसका धन-दौलत से कोई संबंध नहीं था। वह अमीरी थी दूसरों के प्रति सम्मान, मन की उदारता और रिश्तों को सहेजकर रखने की भावना की। तब शायद मैं इन बातों का अर्थ पूरी तरह नहीं समझता था, लेकिन आज महसूस करता हूँ कि घर की दीवारें मिट्टी की हो सकती हैं, छत खपरैल की हो सकती है, पर इंसान का दिल बड़ा हो तो उसकी समृद्धि किसी महल से कम नहीं होती।

दीवाली की सुबह हमारे घर में चहल पहल बहुत जल्दी शुरू हो जाती थी। माँ अँधेरे में ही उठकर चूल्हा सुलगा देती थीं। घर की लिपाई पुताई तो कई दिन पहले हो चुकी होती, पर आख़िरी घड़ी के काम कभी ख़त्म ही नहीं होते थे। जब मैं आँख मलते हुए उठकर आँगन में आता, तो देखता कि चाची पहले ही नहा-धो के पहुँच चुकी हैं। वे माँ के साथ बैठकर हाथ बँटातीं, दीये धोतीं, उन्हें पानी में भिगोकर सुखातीं और पूजा की थाली सजाने में हाथ बँटातीं। उनके आ जाने से घर का हर काम ठीक तरह से हो जाता था। माँ भी उन्हें देखकर निश्चिंत हो जाती थीं, मानो घर में एक और छोटी बहन आ गई हो।

दोपहर तक आँगन में मिट्टी के पचासों दीये कतार में रखे जा चुके होते। चाची हर दीये में घी डालते हुए धीरे से कहतीं, “बाबु, देखना, आज की रात हमारा पूरा गाँव चाँद को भी मात दे देगा।” मैं हँस पड़ता और उनसे पूछता कि चाँद को हराने में कितना घी लगेगा। वे मेरे गाल थपथपाकर कहतीं कि जितना प्रेम हो उतना ही काफ़ी है।

शाम ढलते ही जब दीये जलाने और पटाखे फोड़ने का समय आता, तो चाचा सबसे आगे खड़े मिलते। मुझे छोटी फुलझड़ियाँ और अनार जलाने में भी डर लगता था। चिंगारी देखते ही मैं माँ के पीछे जा छिपता। तब नबी हसन चाचा अपना मज़बूत हाथ मेरे सिर पर रखते और कहते, “डरो मत बाबु, हम हैं न साथ में!” उनका वह कर्मठ, खुरदरा हाथ मेरे सिर पर पड़ता और मेरा सारा डर छूमंतर हो जाता। वे मेरी नन्ही उँगलियों में फुलझड़ी थमाकर अपनी बड़ी हथेली से उसे सँभाले रखते और जब तक चिंगारियाँ बरसकर बुझ न जातीं, मेरा हाथ नहीं छोड़ते थे। उस रात मैं पहली बार अनार को ज़मीन पर फूटते देखकर तालियाँ बजा सका, तो इसी भरोसे के कारण।

अँधेरा होने से पहले ही पूरा गाँव दीयों की क़तारों से जगमगा उठता। मुँडेरों पर, तुलसी के चौरे पर, कुएँ की जगत पर और देहरी पर दीये टिमटिमाते। चाची कहतीं कि पड़ोस का दीया पहले जले, तभी अपने घर की रोशनी पूरी मानी जाती है। मैं उनकी यह बात तब ठीक से समझ नहीं पाता था, पर आज समझता हूँ कि वह सीधी सादी बात कितनी गहरी थी।

चाचा और चाची का हमारे परिवार से जो रिश्ता था, वह ख़ून के रिश्तों से भी बढ़कर था। हमारे खेत ज्यादा थे और अकेले दो बैलों के सहारे उन्हें जोतना कठिन हो जाता था। इसलिए बुवाई और कटाई के दिनों में नबी हसन चाचा हमारे खेतों में भी हाथ बँटाते। सुबह की ठंडी हवा में जब वे हल लेकर निकलते, तो उनकी धोती घुटनों तक चढ़ी होती और कंधे पर गमछा पड़ा होता। बदले में वे हमारी उपज का भी वैसा ही ख़याल रखते, जैसा अपनी उपज का। कभी किसी ने लेन देन का हिसाब नहीं रखा, क्योंकि हिसाब तो परायों के बीच रखा जाता है।

त्योहारों की बात ही निराली थी। उनके यहाँ जब भी कोई पर्व होता, तो हमारे लिए भी कुछ न कुछ विशेष बनकर आता। चाचा और चाची भली भाँति जानते थे कि हम ब्राह्मण हैं और शाकाहारी हैं। इसलिए उनके घर से कभी ऐसा कुछ नहीं आया जो हमारे नियमों के विरुद्ध हो। हमारे लिए सदा सेवइयाँ, रोटियाँ और दूसरे शुद्ध पकवान ही आते, और उन्हें अलग बरतन में, अलग कपड़े से ढककर लाया जाता था, ताकि हमारी रसोई की पवित्रता बनी रहे। यह छोटी सी सावधानी मुझे आज भी भीतर तक छू जाती है, क्योंकि इसमें दूसरे की आस्था के प्रति जो आदर था, वह किसी भाषण से नहीं सीखा जा सकता। और जब हमारे घर दीवाली या कोई दूसरा पर्व होता, तो चाचा और चाची दोनों पूरे अधिकार और अपनेपन के साथ हमारे यहाँ शामिल होते। वे मेहमान की तरह नहीं, घर के बड़ों की तरह माने जाते थे।

ईद के दिन हम भी उनके आँगन में जा पहुँचते थे। चाची सुबह से ही सेवइयाँ बनाकर रखतीं। मुझे देखते ही उनके चेहरे पर एक स्नेहभरी मुस्कान खिल उठती और वे बिना देर किए कटोरा भरकर सेवइयाँ मेरे हाथों में थमा देतीं। मैं घर का सबसे छोटा और सबका लाड़ला था, इसलिए मेरे हिस्से में मेवे भी कुछ ज्यादा ही आते थे। चाचा का स्नेह जताने का अपना ही अंदाज था। वे बड़ी सफाई से मेरी जेब में कुछ सिक्के सरका देते और फिर आँख दबाकर हिदायत देते, “माँ को मत बताना।” मुझे लगता था कि यह हमारा कोई गुप्त समझौता है, जिसमें हम दोनों बराबर के भागीदार हैं। लेकिन माँ से भला क्या छिपता! उन्हें इस बात का पहले से ही पता होता था, फिर भी वे हर बार अनजान बनने का ऐसा अभिनय करतीं, मानो उन्हें कुछ मालूम ही न हो। आज सोचता हूँ, तो समझ आता है कि वह केवल सेवइयों की मिठास या जेब में खनकते सिक्कों की खुशी नहीं थी, बल्कि उन रिश्तों की मिठास थी, जिनमें धर्म की दीवारें नहीं, स्नेह के दरवाजे हुआ करते थे।

हाँ, गाँव में कभी कभार कुछ मसखरे लोग भी होते थे। कोई आवारा किस्म के आदमी जब चाची पर फब्तियाँ कसता या उन पर बुरी नज़र डालता, तो मेरा ख़ून खौल उठता था। मैं तब बहुत छोटा था, मेरी बाँहों में कोई ज़ोर नहीं था, फिर भी मन करता कि दौड़कर उसका सर फोड़ दूँ। मुझसे यह बिल्कुल सहन नहीं होता था, क्योंकि मैं उन्हें अपनी चाची ही मानता था। उस समय माँ समझाते हुए कहा करती थीं। गाँव में हर कोई किसी न किसी रिश्ते से बँधा है। कोई किसी का चाचा था, कोई भाई, कोई बेटा, तो कोई चाची, कोई भौजी, तो कोई बेटी। जाति और धर्म की दीवारें इन रिश्तों के आगे बहुत छोटी पड़ जाती थीं। क्योंकि गाँव का ताना बाना ही कुछ ऐसा था।

आज नबी हसन चाचा और मुखियाईन चाची दोनों इस दुनिया में नहीं हैं। गाँव भी अब वैसा नहीं रहा, गलियाँ पक्की हो गईं हैं और बहुत से मिट्टी के घर पक्की दीवारों में बदल गए हैं। पर उनके द्वारा दी गई ज्ञान की वह रोशनी आज भी मेरे दिल के सबसे क़रीब है। हर बरस दीवाली लौटती है, पर वे दोनों कभी लौटकर नहीं आते। जब भी मैं दीवाली के दीये जलते देखता हूँ, तो मुझे ऐसा लगता है जैसे नबी हसन चाचा कहीं से मुस्कुराते हुए कह रहे हों, “क्यों बाबु, जल गए सारे पटाखे?” और चाची कहीं पास ही खड़ी होकर दीये में घी डाल रही हों। उनकी वे प्यारी बातें और वह बेइंतिहा मोहब्बत मुझे मरते दम तक याद रहेगी। मुझे लगता है कि धर्म हमें अलग अलग घरों में पैदा कर सकता है, पर रिश्तों की डोर तो दिल से ही उपजता है। उन्होंने मुझे यही सिखाया कि दीया चाहे किसी के भी आँगन में जले, उसकी लौ एक ही होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_img

पॉपुलर

और देखे
और देखे

सऊदी हज मंत्री ने किया किरेन रिजिजू का स्वागत

जेद्दा में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सऊदी...

एम.एफ. फारूक़ी को डीजीपी रैंक, पंजाब पुलिस में बड़ी जिम्मेदारी

1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी फिर संभालेंगे स्टेट...

न बारात, न दहेज, न दिखावा, मालेगांव का यह निकाह क्या संदेश देता है?

मौलाना शफीक अहमद क़ासमी के बेटे का सादगीपूर्ण निकाह,...

जब बच्चों ने कलम और रंगों से रची अपनी दुनिया

नांदेड के शाहीन इंटरनेशनल स्कूल में तीन दिन तक...