कमालपुर मुबारकपुर पिकार, अम्बेडकर नगर, उत्तर प्रदेश की स्मृतियों में बसा साझा अपनापन
-प्रो. (डॉ.) दयानंद तिवारी
अयोध्या अंचल के पास, अम्बेडकर नगर जनपद के कमालपुर, मुबारकपुर पिकार गाँव की स्मृतियाँ आज भी मेरे मन में उसी आत्मीयता के साथ बसी हैं। सरयू-घाघरा के तटवर्ती उस क्षेत्र का हमारा गाँव लगभग दो सौ ब्राह्मण परिवारों का गाँव है। पास में यादवों और दलित परिवारों की बस्तियाँ है। मुस्लिम परिवारों में महबूब मियाँ का घर था और वह गाँव से बाहर या किनारे पर नहीं, बल्कि हमारे गाँव के बीचोंबीच बसा हुआ था। वे मूलतः दर्जी थे। मगर गाँव में उनकी पहचान केवल उनके पेशे से नहीं, उनके अपनत्व से थी।
हमारे गाँव के हिंदू लड़के उन्हें प्यार से “चाचा” कहते थे। उनसे छोटे बच्चे “बाबा” कहकर पुकारते। गाँव के बड़े लोग उन्हें स्नेह से “मियाँ” कहते थे। इन संबोधनों में दूरी नहीं, रिश्ते की गरमाहट थी। महबूब मियाँ हमारे लिए किसी दूसरे समुदाय के व्यक्ति भर नहीं थे; वे गाँव के अपने बुजुर्ग, अपने पड़ोसी और हमारे बचपन की दुनिया का अभिन्न हिस्सा थे। उनका घर गाँव के बीच में था और हमारे मनों में भी उनके लिए वही जगह थी।
आज दीपावली आती है तो घरों में दीप जलते हैं, मिठाइयों की महक फैलती है और बचपन की अनेक तस्वीरें आँखों के सामने उतर आती हैं। उन्हीं तस्वीरों में महबूब मियाँ का घर भी है, जहाँ त्योहारों की खुशी हमारे घरों से अलग नहीं थी। होली और दीपावली पर उन्हें अपने घर बुलाया जाता। उनके परिवार के लिए पकवान बनते, थाली सजती और कोई न कोई उन्हें भोजन पहुँचाने जरूर जाता। त्योहार का आनंद तब पूरा होता था जब वह अपने लोगों के बीच बाँटा जाए। हमारे लिए महबूब मियाँ और उनका परिवार भी उन्हीं अपने लोगों में था।
होली और दिवाली के दिनों में हमारे घरों में मालपुए बनते। घर-घर में तरह-तरह के पकवान तैयार होते। जो स्वाद अपने परिवार के लिए था, वही महबूब मियाँ के परिवार तक भी पहुँचता। कोई उन्हें बुलाकर खिलाता, कोई पूड़ी-पकवान की थाली लेकर उनके घर जाता। इन छोटी-छोटी बातों में ही हमारे गाँव की बड़ी संस्कृति छिपी थी। वहाँ अपनापन किसी निमंत्रण-पत्र का मोहताज नहीं था। त्योहार आते ही घरों के दरवाजे और मन, दोनों खुल जाते थे।
महबूब मियाँ के घर के त्योहारों की अपनी रौनक थी। ताजिये के अवसर पर उनके यहाँ मलीदा बनता। गाँव के घरों से आटा, गुड़ और दूध पहुँचाया जाता। मलीदा तैयार होता, पकता और फिर हम ब्राह्मण लड़के भी उसे बड़े चाव से खाते। उस समय हमें यह सोचने की जरूरत ही नहीं पड़ती थी कि यह किस धर्म का पकवान है। वह स्नेह से बना भोजन था और उसी स्नेह के साथ हम सबमें बाँटा जाता था। स्वाद के साथ उसमें पड़ोस, भरोसे और साझेपन की मिठास भी घुली रहती थी।
महबूब मियाँ दर्जी थे। उनके हाथों से सिले हुए कपड़े भी मुझे आज तक याद हैं। बचपन में कपड़े केवल पहनने की चीज नहीं होते; वे किसी के हाथों की मेहनत और अपनेपन की याद भी सँभालते हैं। उनके घर से सिले कपड़े पहनकर हमें यह एहसास नहीं होता था कि वे किसी दूसरे धर्म के व्यक्ति ने बनाए हैं। हमें बस इतना पता था कि कपड़े महबूब मियाँ ने सिले हैं हमारे अपने चाचा ने। आज उन कपड़ों को याद करता हूँ तो उनके साथ वह समय, वह गाँव और वे रिश्ते भी लौट आते हैं।
हमारे गाँव में सामाजिक पहचानें अवश्य थीं। अलग-अलग बस्तियाँ थीं, अपने-अपने रीति-रिवाज थे और हर परिवार की अपनी परंपराएँ थीं। लेकिन इन भिन्नताओं ने हमारे बीच के मानवीय रिश्तों को समाप्त नहीं किया था। महबूब मियाँ का घर गाँव के बीचोंबीच था और उनका परिवार गाँव के सुख-दुख तथा त्योहारों का हिस्सा था। यह कहना सही नहीं होगा कि उस समय समाज में कोई भेदभाव था ही नहीं; पर मेरे बचपन की स्मृति यह जरूर कहती है कि भिन्नताओं के बावजूद मनुष्यता और पड़ोस का रिश्ता मजबूत था। पहचानें थीं, पर वे हर रिश्ते पर भारी नहीं पड़ती थीं।
आज अक्सर धर्म और जाति के नाम पर समाज को बाँटने वाली बातें सुनाई देती हैं। राजनीति जब इन पहचानों का इस्तेमाल अपने स्वार्थ के लिए करती है, तब वह हमारे पुराने अनुभवों को भी संदेह की दृष्टि से देखने लगती है। मगर गाँव की स्मृतियाँ बताती हैं कि हिंदू और मुसलमान दो अलग धार्मिक पहचानें हैं, पर दोनों इसी भारतीय समाज और संस्कृति के हिस्से हैं। किसी को केवल उसके धर्म के कारण दूर कर देना हमारी साझा संस्कृति के स्वभाव के विपरीत है। कबीर ने कहा था कि “जाति न पूछो साधु की, पूछ लीजिए ज्ञान।” यह पंक्ति आज भी हमें मनुष्य को उसके आचरण और संवेदना से पहचानने की सीख देती है।
महबूब मियाँ के परिवार के साथ हमारा रिश्ता किसी राजनीतिक नारे से नहीं बना था। वह रोजमर्रा के जीवन में बना था कि एक-दूसरे को बुलाने, खिलाने, कपड़े सिलवाने, त्योहार की सामग्री पहुँचाने और साथ बैठकर खाने से। ऐसे रिश्ते भाषणों से नहीं बनते। वे समय, विश्वास और साझा जीवन से बनते हैं। आज भी जब दीपावली पर दीप जलते हैं, तो महबूब मियाँ का घर मेरे मन में उसी उजाले के साथ लौटता है। कभी-कभी किसी अपने की अनुपस्थिति त्योहार की भीड़ में और अधिक महसूस होती है। महबूब मियाँ और उनका परिवार अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनकी स्मृतियाँ हमारे त्योहारों में आज भी शामिल हैं।
हमने बचपन में यह नहीं सीखा कि पहले सामने वाले का धर्म पूछो, फिर उसे अपने घर बुलाओ। हमने यह सीखा कि वह पड़ोसी है, अपना है। त्योहार है तो उसे भी बुलाओ, भोजन बना है तो उसके लिए भी थाली सजाओ। हमारी संस्कृति का सौंदर्य इसी सहजता में है। दीपावली का दीप केवल घर की चौखट नहीं, मन का अँधेरा भी रोशन करे; होली का रंग केवल चेहरे पर नहीं, रिश्तों पर भी चढ़े, शायद हमारे गाँव के त्योहार यही संदेश देते थे।
आज जरूरत है कि हम अपने अतीत को केवल गौरवगान के लिए नहीं, उससे सीखने के लिए याद करें। हमारे गाँव में बस्तियाँ अलग थीं, लेकिन त्योहारों की खुशियाँ साझा थीं। महबूब मियाँ का घर कवालपुर के बीचोंबीच था और हमारे बचपन की दुनिया में भी। उनके घर का मलीदा, हमारे घर के मालपुए, त्योहार पर पहुँची थाली, बच्चों का “चाचा” और “बाबा” कहना, बड़ों का उन्हें प्यार से “मियाँ” पुकारना और उनके हाथों से सिले कपड़े—ये सब उस भारत की तस्वीर हैं जहाँ धर्म अलग हो सकते हैं, मगर इंसानियत और अपनापन साझा रहता है।
महबूब मियाँ अब स्मृति में हैं, पर उनकी याद यह भरोसा दिलाती है कि इस देश ने साथ रहना और एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होना जाना है। रिश्तों को मजबूत करने के लिए किसी बड़े आयोजन की जरूरत नहीं, कभी पड़ोसी के घर जाना, त्योहार की मिठाई बाँटना और पुरानी आत्मीयता को याद करना ही काफी है। कवालपुर की वह साझा होली और दीपावली आज भी मेरे मन में जलती हुई लौ की तरह है। उस लौ में महबूब मियाँ का घर भी रोशन है।

