(शिब्ली रामपुरी)
मुंबई। देश में निर्माण के बदलते तौर तरीकों और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए अब ऐसी तकनीकों और सामग्रियों पर जोर बढ़ रहा है, जिनसे इमारतें मजबूत होने के साथ पानी, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों की बचत भी कर सकें। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ग्रीन बिल्डिंग कांग्रेस 2026 में इसकी साफ झलक देखने को मिली।
कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री और इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रीन और नेट जीरो भवनों से जुड़ी तकनीक, निर्माण सामग्री, उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की गईं। कार्यक्रम में देश और विदेश से जुड़े विशेषज्ञों, आर्किटेक्ट, इंजीनियर, बिल्डर, डेवलपर और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कम कार्बन वाली, ऊर्जा और पानी की बचत करने वाली तथा पर्यावरण के अनुकूल इमारतों को बढ़ावा देना है।
क़ौमी फ़रमान के संपादक रईस खान ने किया दौरा
क़ौमी फ़रमान के संपादक रईस खान ने ग्रीन बिल्डिंग कांग्रेस के प्रदर्शनी क्षेत्र का दौरा किया और अलग अलग स्टॉल पर जाकर वहां प्रदर्शित उत्पादों और तकनीकों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कई कंपनियों के प्रतिनिधियों और स्टॉल संचालकों से बातचीत की तथा यह समझने की कोशिश की कि आज के दौर में कम लागत में टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल निर्माण किस तरह संभव हो रहा है।
प्रदर्शनी में खास तौर पर ऐसे निर्माण उत्पाद और तकनीक ध्यान खींच रहे थे, जिनका इस्तेमाल पारंपरिक निर्माण सामग्री के विकल्प के रूप में किया जा सकता है। कंक्रीट को हल्का बनाने वाली सामग्री और नई निर्माण तकनीकों के साथ ऐसे उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए, जिनसे भवन का वजन कम करने, निर्माण की गति बढ़ाने और संसाधनों की खपत घटाने में मदद मिल सकती है।
पानी बचाने पर भी खास जोर
प्रदर्शनी में रेन वाटर हार्वेस्टिंग से जुड़ी तकनीकों और प्रणालियों को भी प्रमुखता से दिखाया गया। बढ़ते शहरों और पानी की कमी के बीच बारिश के पानी को जमीन में पहुंचाने, उसे संग्रहित करने और भवनों में पानी की खपत कम करने से जुड़ी तकनीकें अब निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही हैं।
ग्रीन बिल्डिंग की अवधारणा केवल इमारत को सुंदर बनाने तक सीमित नहीं है। इसमें पानी की बचत, बिजली की कम खपत, प्राकृतिक रोशनी और हवा का बेहतर इस्तेमाल, निर्माण सामग्री का सही चुनाव और कचरे का बेहतर प्रबंधन भी शामिल है।
लकड़ी के विकल्प और नए उत्पाद
प्रदर्शनी में लकड़ी से जुड़े उत्पादों के साथ उसके विकल्प के तौर पर इस्तेमाल होने वाली आधुनिक सामग्री और तकनीकें भी देखने को मिलीं। इंजीनियर्ड वुड और मास टिम्बर जैसे विकल्पों को लेकर भी जानकारी दी गई। इसका मकसद निर्माण क्षेत्र में ऐसी सामग्री को बढ़ावा देना है जो डिजाइन, मजबूती और पर्यावरणीय जरूरतों के बीच संतुलन कायम कर सके।
इसी तरह कंक्रीट, सीमेंट, स्टील, इंसुलेशन, दरवाजे खिड़कियां, ग्लेजिंग, पेंट, टाइल्स, सैनिटरी उत्पाद, लाइटिंग, एयर कंडीशनिंग, सोलर तकनीक, पानी के उपचार और कचरा प्रबंधन से जुड़े अनेक उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए।
ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन की जानकारी
कार्यक्रम में ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन को लेकर भी जानकारी उपलब्ध थी। आईजीबीसी अलग अलग तरह की इमारतों के लिए ग्रीन बिल्डिंग रेटिंग सिस्टम संचालित करता है। इनमें आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और अन्य प्रकार की इमारतें शामिल हैं। इन रेटिंग सिस्टम का उद्देश्य भवनों में पानी और ऊर्जा की बचत, बेहतर निर्माण सामग्री, स्वस्थ वातावरण और पर्यावरण पर कम असर जैसी बातों को बढ़ावा देना है।
रईस खान ने बातचीत के दौरान इस बात पर भी जोर दिया कि भारत जैसे देश में ग्रीन बिल्डिंग की तकनीक केवल बड़े कॉरपोरेट प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अगर ऐसी तकनीकों को कम लागत में छोटे शहरों, कस्बों और आम लोगों के घरों तक पहुंचाया जाए तो इसका पर्यावरण के साथ साथ आम आदमी की जिंदगी पर भी बड़ा असर पड़ सकता है।
ग्रीन बिल्डिंग कांग्रेस में दिखाई गई तकनीकें इस बात का संकेत हैं कि निर्माण क्षेत्र धीरे धीरे केवल सीमेंट, कंक्रीट और स्टील तक सीमित नहीं रह रहा है। आने वाले समय में ऐसी इमारतों की मांग बढ़ सकती है जो कम ऊर्जा और पानी में बेहतर तरीके से चलें, प्राकृतिक संसाधनों पर कम दबाव डालें और लंबे समय तक टिकाऊ रहें।
–क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

