(रईस खान)
आज उन्नाव शहर में अंजुमन शान-ए-रिसालत दारुल उलूम फैज़-ए-आम में एक अहम मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें ए आर गर्ल्स कॉलेज के क़याम पर तफसीली बातचीत हुई। इस मीटिंग में शहर के कई जिम्मेदार अफ़राद और मेहमान शामिल हुए और सब ने मिलकर इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया।
मीटिंग के दौरान यह तय हुआ कि इस इदारे की तरफ से लड़कियों की तालीम के लिए एक बड़ा और मुकम्मल तालीमी प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा, जिसमें लड़कियों के लिए हॉस्टल , लाइब्रेरी, निवास सिस्टम, स्कूल और कॉलेज जैसी तमाम जरूरी सहूलतें मौजूद होंगी।
इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 15000 वर्ग फिट जमीन उन्नाव शहर के तालिब सराय मुहल्ले में खरीदी जा चुकी है। वहां पर काम की शुरुआत भी कर दी गई है, जिसमें फिलहाल मिट्टी भराई और बाउंड्री वाल का काम शुरू हो रहा है। बाउंड्री की ऊंचाई लगभग 8 फीट रखी जाएगी और इसका अनुमानित खर्च करीब 22 लाख रुपये बताया गया है।
मीटिंग में मौजूद लोगों ने इस बात पर जोर दिया कि लड़कियों की तालीम इस्लाम में बेहद जरूरी है, और इसी सोच के साथ इस प्रोजेक्ट को शुरू किया गया है।

तमाम हाज़रीन ने इस नेक काम में हर तरह से मदद करने, जैसे डोनेशन, ज़कात, फ़ितरा और दूसरी मदद का इरादा जताया।
यह इदारा अपने पहले से चल रहे संस्थानों के साथ अब तीसरा बड़ा तालीमी प्रोजेक्ट शुरू कर रहा है। मीटिंग के बाद अब इस पर नक्शा, एस्टीमेट, अप्रूवल और बाकी कानूनी औपचारिकताओं का काम भी शुरू कर दिया गया है।
इदारे की तरफ से आम लोगों से अपील की गई है कि वो आगे बढ़कर इस नेक काम में हिस्सा लें, ताकि आने वाली नस्ल, खासकर बेटियों को बेहतर तालीम और उज्ज्वल भविष्य मिल सके।
इस कार्यक्रम में दारुल उलूम की ओर से ज़मीर खान, जमात ए इस्लामी के मोहम्मद अहमद, एडवोकेट सलीम अहमद, एडवोकेट नदीम हैदर, इंजीनियर आरिफ , रईस खान, नासिर खान, मिस्बाह खान समेत 2 दर्जन से ज्यादा मर्द व ख़्वातीन हजरात ने शिरकत की।

