लखनऊ, 28 सितंबर 2026। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन की ओर से 28 सितंबर को “द ग्राउंड बिनीथ: डिजाइनिंग फॉर लॉन्जेविटी एंड सिस्मिक सर्वाइवल” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया।
सेमिनार में कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सुल्तानपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के स्ट्रक्चरल इंजीनियर इंजी. अनुपम वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को भवनों की मजबूती, भूकंप से सुरक्षा और लंबे समय तक टिकाऊ निर्माण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी भवन को बनाते समय केवल उसकी सुंदरता और उपयोगिता ही नहीं, बल्कि उसकी मजबूती और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना जरूरी है। खासतौर पर भूकंप वाले क्षेत्रों में भवन की डिजाइन और उसकी संरचना ऐसी होनी चाहिए, जिससे भूकंप के दौरान नुकसान का खतरा कम हो।

सेमिनार में यह भी बताया गया कि आर्किटेक्ट और स्ट्रक्चरल इंजीनियर के बीच बेहतर तालमेल से अधिक सुरक्षित और मजबूत भवन तैयार किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि भवन की योजना बनाते समय उसकी नींव, ढांचा, निर्माण सामग्री और भूकंप के संभावित प्रभाव जैसे सभी पहलुओं पर ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में सुरक्षित, टिकाऊ और आपदा से बचाव वाले भवनों के निर्माण पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों और शिक्षकों को भवन निर्माण के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. उमा प्रसाद पांडेय रहे। आयोजन में सह-समन्वयक आर्कि. खुर्रम अशरफ, आर्कि. श्वेता वर्मा, आर्कि. पूजा वर्मा और आर्कि. मोहम्मद सलमान ने सहयोग किया।
कार्यक्रम प्रो. डॉ. सैफुल्लाह खान, विभागाध्यक्ष, आर्किटेक्चर विभाग तथा प्रो. ज़ेबा निसार, डीन, फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
-क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

