बांगरमऊ, उन्नाव। नगर के प्रसिद्ध एवं लोकप्रिय चिकित्सक डॉ. इरफान को चिकित्सा के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए समाजसेवी एवं पत्रकार फजलुर्रहमान द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. इरफान को सम्मानित करते हुए उनके चिकित्सा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान समाजसेवी एवं पत्रकार फजलुर्रहमान ने कहा कि डॉ. इरफान ने चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाओं, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से एक अलग पहचान स्थापित की है। उनके द्वारा चिकित्सा जगत में दिया गया महत्वपूर्ण योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सक की वास्तविक पहचान उसकी डिग्री या पद से ही नहीं, बल्कि उसके सेवाभाव, व्यवहार और मरीजों के प्रति समर्पण से होती है। डॉ. इरफान ने अपने कार्यों के माध्यम से लोगों के बीच विश्वास और सम्मान हासिल किया है। श्री रहमान ने आगे कहा कि आज डॉ. इरफान की लोकप्रियता केवल बांगरमऊ नगर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज के इलाकों तक उनके नाम और चिकित्सा सेवाओं की चर्चा होती है। बड़ी संख्या में लोग उनसे चिकित्सा परामर्श लेने पहुंचते हैं। यह उनके प्रति लोगों के विश्वास और उनके चिकित्सा अनुभव का परिचायक है। उन्होंने कहा कि समाज में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। एक चिकित्सक न केवल मरीजों का उपचार करता है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में उन्हें उम्मीद और विश्वास भी प्रदान करता है। ऐसे चिकित्सक, जो अपने पेशे को केवल व्यवसाय न मानकर जनसेवा का माध्यम समझते हैं, वास्तव में समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। इस अवसर पर डॉ. इरफान ने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों का विश्वास और स्नेह ही उन्हें अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भविष्य में भी पूरी निष्ठा और सेवाभाव के साथ चिकित्सा कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता जताई। डॉ. इरफान को सम्मानित किए जाने की इस पहल को नगर में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के योगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

