व्हाइट कोट समारोह में विद्यार्थियों ने ली चरक शपथ, कुलपति और चांसलर ने अच्छे डॉक्टर बनने के साथ इंसानियत, ईमानदारी और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता को सबसे जरूरी बताया।
लखनऊ। इंटीग्रल विश्वविद्यालय, लखनऊ में नवप्रवेशित एमबीबीएस बैच 2026 के स्वागत में व्हाइट कोट समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सेंट्रल ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में नए मेडिकल विद्यार्थियों ने सफेद कोट पहनकर चिकित्सा शिक्षा और मानव सेवा के अपने नए सफर की शुरुआत की। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए खुशी, जिम्मेदारी और नए संकल्पों से भरा रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस मौके पर इंटीग्रल विश्वविद्यालय के अपर प्रो-चांसलर डॉ. सैयद एम. फौजान अख्तर ने स्वागत संबोधन में नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा देने के साथ उनका सर्वांगीण विकास करना भी है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. फुरकान कमर ने अपने संबोधन में चिकित्सा शिक्षा के लिए अनुशासन, मेहनत, समर्पण और लगातार सीखते रहने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और पेशेवर जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाने की प्रेरणा दी।
प्रो-चांसलर डॉ. सैयद नदीम अख्तर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर का पेशा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा की बड़ी जिम्मेदारी है। इसमें ईमानदारी, नैतिकता, संवेदनशीलता और मरीजों के प्रति जवाबदेही सबसे अहम है।
समारोह का सबसे खास पल वह रहा, जब नए एमबीबीएस विद्यार्थियों ने सफेद कोट धारण किया। सफेद कोट को डॉक्टर की पहचान के साथ सेवा, करुणा, विश्वास और मरीजों के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया गया।
इसके बाद आईआईएमएसआर की डीन प्रो. (डॉ.) आभा चंद्रा ने विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने चिकित्सा पेशे के नैतिक मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं और मरीजों की सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय तराना और राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इंटीग्रल विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं चांसलर प्रो. एस. डब्ल्यू. अख्तर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक अच्छा डॉक्टर बनने के लिए केवल किताबी ज्ञान और चिकित्सकीय कौशल पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मरीज के दर्द को समझने वाली संवेदना और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के साथ एक नैतिक और संवेदनशील चिकित्सक बनने की अपील की।
अंत में अकादमिक, शोध एवं सहयोग विभाग के वाइस डीन प्रो. (डॉ.) गुलफाम अहमद हाशमी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों सहित आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षक, चिकित्सक, अभिभावक और नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस आयोजन ने नए मेडिकल विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि सफेद कोट केवल एक पेशेवर पहचान नहीं, बल्कि इंसानियत की सेवा और मरीजों के भरोसे को कायम रखने की जिम्मेदारी भी है। इंटीग्रल विश्वविद्यालय ने इस अवसर पर ज्ञान, चिकित्सा कौशल, नैतिकता और मानवीय संवेदनाओं से भरपूर भावी डॉक्टर तैयार करने के अपने संकल्प को दोहराया।
-क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

