(रईस खान)
मंगलवार की रात 3 जून पटना के मुसल्लहपुर हाट, कदमकुआं में मशहूर टीचर खान सर, फैजल खान के खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ। करीब 15- 20 लोगों ने सेंटर में घुसकर तोड़-फोड़ की, पोस्टर्स फाड़े और सिक्योरिटी गार्ड की पिटाई कर दी। गार्ड घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है।
खान सर का आरोप
खान सर ने कहा कि हमलावरों ने फायरिंग भी की और ये राइवल कोचिंग के लोग थे। उनका कहना है कि कम फीस और अच्छे रिजल्ट की वजह से दूसरे इंस्टीट्यूट जलते हैं। पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं।
पुलिस की जांच
पटना पुलिस ने फायरिंग की बात खारिज कर दी। CCTV फुटेज और जांच में कोई गोली या कारतूस नहीं मिला। पुलिस इसे तोड़-फोड़ और मारपीट का मामला मान रही है। CCTV से हमलावरों की पहचान हो रही है। कुछ लोग राइवल कोचिंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। FIR दर्ज हो चुकी है और छापेमारी चल रही है।
छात्रों का गुस्सा
हमले के बाद बुधवार सुबह सैकड़ों छात्र सेंटर के बाहर जमा हो गए। उन्होंने रोड जाम किया और सुरक्षा की मांग की। पढ़ाई प्रभावित होने से छात्र नाराज हैं। खान सर ने छात्रों से अपील की कि शांत रहें। पुलिस ने भारी सुरक्षा लगा दी है।
मामला क्या है?
ये पटना के कोचिंग इंस्टीट्यूट्स की आपसी राइवलरी लग रही है। स्टूडेंट्स और फीस को लेकर यहां कॉम्पिटिशन बहुत तेज है।
खान सर खुद सुरक्षित हैं। पुलिस कार्रवाई से वो संतुष्ट नजर आ रहे हैं। जांच जारी है।

