(रईस खान)
नई दिल्ली में देश के मौजूदा हालात पर मुस्लिम समुदाय के नेताओं और बुद्धिजीवियों की बड़ी बैठक 24 जुलाई को दिल्ली में होने वाली है। इस अहम बैठक की तैयारियों को लेकर पूर्व सांसद मोहम्मद अदीब के निजामुद्दीन स्थित आवास पर रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय बैठक के एजेंडे और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
रणनीतिक बैठक में शामिल बड़े चेहरे
इस बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, पूर्व सांसद कुँवर दानिश अली, एसडीपीआई की राष्ट्रीय सचिव आतिका साजिद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निजामुद्दीन खान समेत कई मुस्लिम सामाजिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
क्या होगा एजेंडा?
24 जुलाई को कांस्टीट्यूशन क्लब में होने वाली इस बैठक में देशभर में मस्जिदों-मदरसों पर बुलडोजर कार्रवाई, यूनिफॉर्म सिविल कोड , चुनावी मुद्दे, विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण और मुसलमानों के सामने पेश आ रही चुनौतियों पर मंथन होगा। आयोजकों का कहना है कि इस बैठक में राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के नेता एक साथ बैठकर भविष्य की रणनीति बनाएंगे।
मोहम्मद अदीब की अध्यक्षता
पूर्व सांसद मोहम्मद अदीब की अध्यक्षता में हुई रणनीतिक बैठक में सभी ने खुलकर अपनी राय रखी। देश के वर्तमान माहौल पर चिंता जताई गई और मुस्लिम समुदाय की एकजुटता पर जोर दिया गया।
बैठक का मकसद
ये बैठक सिर्फ चर्चा तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें देश के हालात को देखते हुए ठोस फैसले और आगे की योजना बनाई जाएगी। कई मुस्लिम संगठन, उलेमा और जनप्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे।
मुस्लिम समुदाय में चर्चा
देशभर में इस बैठक की खबर तेजी से फैल रही है। लोग इसे मुस्लिम समुदाय की एकजुटता और आवाज बुलंद करने की कोशिश बता रहे हैं। 24 जुलाई को दिल्ली में होने वाली ये बैठक मुस्लिम नेतृत्व के लिए अहम मानी जा रही है।
ये बैठक देश के मौजूदा माहौल में मुस्लिम समुदाय की चिंताओं और मांगों को एक मंच पर लाने वाली है। उम्मीद की जाती है कि इसमें सकारात्मक और ठोस नतीजे निकलेंगे।

