(फ़ज़लुर्रहमान)
बांगरमऊ, उन्नाव। दिल्ली में आयोजित नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में नगर के मोहल्ला गोंडा टोला निवासी जिम संचालक मेराज खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 किलोग्राम मास्टर बॉडी वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर नगर व जनपद ही नही, बल्कि प्रदेश का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में मेराज खान ने अपने दमदार प्रदर्शन के साथ सर्वाधिक भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। चेन्नई के इसराइल ने दूसरा तथा मणिपुर के अश्वनी कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट जैसी पावर लिफ्टिंग स्पर्धाओं में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद मेराज खान के नगर पहुंचने पर समर्थकों और खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाओं से अभिनंदन कर बधाई दी। समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया। मेराज खान ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन प्रशिक्षण को दिया। उनकी उपलब्धि से स्थानीय खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है।

