पड़ताल __मुसलमानों के लिए सपा का नया दांव कितना नया?

Date:

वादे पुराने, रास्ता नया!

(रईस खान)

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम समाज हमेशा एक बड़ा और निर्णायक मतदाता समूह रहा है। ऐसे में समाजवादी पार्टी का 2027 विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया गया ‘सत्ताईस का संकल्प पीडीए का प्रण पत्र’ एक बार फिर मुसलमानों के लिए राजनीतिक बहस के केंद्र में है। लेकिन पड़ताल करने पर तस्वीर कुछ अलग दिखाई देती है। सपा ने इस बार मुसलमानों के लिए कोई अलग धार्मिक आरक्षण घोषित करने के बजाय उन्हें अपने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक गठजोड़ का हिस्सा बनाया है।

सबसे बड़ी घोषणा सरकारी ठेकों में हिस्सेदारी की है। सपा ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में पीडीए समुदायों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का वादा किया है। पार्टी के नेताओं ने साफ किया है कि इस दायरे में मुसलमान भी आएंगे। इसका मतलब यह हुआ कि मुस्लिम समाज के लिए यह सीधा सरकारी नौकरी का आरक्षण नहीं, बल्कि सरकारी काम और ठेकों में भागीदारी बढ़ाने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा प्रण पत्र में जातीय जनगणना, आरक्षण की प्रभावी व्यवस्था, खाली आरक्षित पदों को विशेष भर्ती से भरने, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर दिया गया है। अल्पसंख्यकों के खिलाफ गंभीर अपराधों पर जीरो टॉलरेंस और धर्म आधारित हिंसा पर कार्रवाई का भी वादा है।

शिक्षा के क्षेत्र में पीडीए समुदायों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को समान अवसर देने की बात कही गई है। सपा ने 26 हजार बंद प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलने, बारहवीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने और नई राज्य शिक्षा नीति लाने का भी वादा किया है। इन योजनाओं का लाभ मुसलमानों को भी मिलेगा, लेकिन इनमें ज्यादातर योजनाएं केवल मुस्लिम समाज के लिए नहीं हैं।

क्या सपा का रुख पहली बार बदला है?

नहीं। मुस्लिम समाज से जुड़े कई मुद्दे सपा के पुराने घोषणापत्रों में इससे कहीं ज्यादा सीधे तौर पर उठाए जा चुके हैं।

2012 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने मुसलमानों के लिए उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षण, सचर और रंगनाथ मिश्र आयोग की सिफारिशें लागू करने, अल्पसंख्यक इलाकों में उर्दू माध्यम स्कूल खोलने, मदरसों में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और मुस्लिम युवाओं की सुरक्षा बलों में विशेष भर्ती जैसे वादे किए थे।

2014 के लोकसभा चुनाव में भी सपा ने मुस्लिम बहुल जिलों में उर्दू माध्यम स्कूल, पुलिस और पीएसी में मुसलमानों के लिए 15 प्रतिशत नौकरियों का प्रस्ताव और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त कोचिंग जैसे वादे किए थे।

यानी 2026 का मॉडल अलग है। सीधा मुस्लिम आरक्षण कम, पीडीए के नाम पर साझा सामाजिक हिस्सेदारी ज्यादा।

कांग्रेस का रुख क्या रहा?

कांग्रेस का रिकॉर्ड भी मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दों पर केवल चुनावी भाषणों तक सीमित नहीं रहा। केंद्र की यूपीए सरकार ने 2004 में अल्पसंख्यक मामलों का अलग मंत्रालय बनाया और मुस्लिम समाज की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति की जांच के लिए सच्चर कमेटी बनाई। सच्चर कमेटी ने शिक्षा, सरकारी नौकरियों, बैंक ऋण, मदरसा शिक्षा, उर्दू स्कूल और वक्फ जैसी कई चीजों पर विशेष कदम सुझाए थे।

2009 के कांग्रेस घोषणापत्र में अल्पसंख्यकों की सरकारी नौकरियों में भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक तथा आर्थिक पिछड़ेपन के आधार पर अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण की नीति को राष्ट्रीय स्तर पर अपनाने की प्रतिबद्धता जताई गई थी। वक्फ संपत्तियों के विकास के लिए वक्फ डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और मौलाना आजाद एजुकेशनल फाउंडेशन को मजबूत करने की बात भी थी।

2024 के कांग्रेस घोषणापत्र में भी अल्पसंख्यकों के लिए शिक्षा, रोजगार, कारोबार, बैंक ऋण और सरकारी अवसरों में बराबरी की बात कही गई। मौलाना आजाद छात्रवृत्ति बहाल करने और अल्पसंख्यकों को सार्वजनिक ठेकों समेत विभिन्न क्षेत्रों में उचित अवसर देने का वादा किया गया।

बसपा का क्या रुख रहा?

बहुजन समाज पार्टी का जोर मुख्य रूप से दलित और सामाजिक न्याय की राजनीति पर रहा, लेकिन मुस्लिम समाज को लेकर मायावती का रुख भी कई मौकों पर सामने आया है। 2017 में उन्होंने आर्थिक आधार पर मुसलमानों और गरीब सवर्णों को आरक्षण देने की मांग की थी। उनका तर्क था कि इसके लिए संविधान में संशोधन किया जा सकता है और एससी, एसटी तथा ओबीसी के मौजूदा आरक्षण को प्रभावित किए बिना ऐसा किया जाए।

इससे पहले बसपा ने मुस्लिम समाज को अपने व्यापक ‘सर्वजन’ और सामाजिक गठजोड़ की राजनीति में जगह देने की कोशिश की थी। लेकिन सपा की तरह मुस्लिम समुदाय के लिए लगातार और विस्तृत अलग घोषणापत्र आधारित कार्यक्रम बसपा की राजनीति की मुख्य पहचान नहीं रहे।

असल सवाल क्या है?

सचर कमेटी की सिफारिशें बताती हैं कि मुस्लिम समाज की समस्या केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व की नहीं थी। शिक्षा, सरकारी नौकरियां, बैंकिंग, कारोबार, आवास, मदरसा शिक्षा, उर्दू शिक्षा और वक्फ संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल भी बड़े मुद्दे थे।

इस लिहाज से सपा का नया प्रण पत्र कुछ पुराने मुद्दों को नए राजनीतिक ढांचे में रखता है। मुसलमानों को अलग वोट बैंक के रूप में संबोधित करने के बजाय पीडीए के भीतर हिस्सेदार बनाने की कोशिश दिखाई देती है।

इसमें मुस्लिम समाज के लिए सबसे खास बात सरकारी ठेकों में पीडीए की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय की व्यापक नीतियां हैं। लेकिन यह भी उतना ही जरूरी है कि इन घोषणाओं को अभी चुनावी वादा ही माना जाए। असली कसौटी सत्ता मिलने के बाद इनके कानूनी ढांचे, बजट और लागू करने की प्रक्रिया होगी।

यानी सवाल सिर्फ यह नहीं कि किसने मुसलमानों के लिए क्या वादा किया, बल्कि यह भी है कि किसने अपने वादे को जमीन पर कितना उतारा।

-क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_img

पॉपुलर

और देखे
और देखे

सीमांचल की बेटियों के लिए शिक्षा की नई पहल

मौधो में अल्फाफा ग्लोबल गर्ल्स स्कूल की आधारशिला, सीमांचल...

जनगणना —जनगणना के जरिए लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश का आरोप

बेंगलुरु। क़ौमी फ़रमान  मुस्लिम एम्प्लॉयीज़ कल्चरल एसोसिएशन यानी MECA की...