पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अमन रजा मलूकपुर का रहने वाला था और एक सैलून में काम करता था।
बरेली में एक लड़के ने अपने दोस्त को ईंट से कुचलकर सिर्फ इसलिए मार दिया, क्योंकि वह उसके इंस्टाग्राम पोस्ट पर भद्दे कमेंट करता था। मामला शहर कोतवाली थाना इलाके का है, जहां सिटी रेलवे स्टेशन के पास एक खंडहर हुए घर में करीब 24 साल के अमन रजा का शव बरामद हुआ। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अमन रजा मलूकपुर का रहने वाला था और एक सैलून में काम करता था। 8 अप्रैल को उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 36 घंटे के अंदर ही बरेली पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया और आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि मृतक के शरीर और चेहरे पर लगभग 21 गहरे चोट के निशान मिले, जिससे साफ था कि हत्या बेरहमी से की गई थी। पुलिस ने मामले में जांच करना शुरू की।आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि समद जब भी इंस्टाग्राम पर अपनी रील पोस्ट करता था, अमन रजा उस पर भद्दे कमेंट करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार फोन पर झगड़ा और गाली-गलौज भी हुई। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि समद ने अमन को रास्ते से हटाने की ठान ली। उसने एक दिन हत्या करने की प्लानिंग बनाई। घटना वाले दिन, 7 अप्रैल को समद ने अमन को फोन कर सिटी रेलवे स्टेशन के पास मिलने के लिए बुलाया। दोनों बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक की ओर गए। वहीं सुनसान जगह देखकर समद ने अमन को अचानक धक्का देकर गिरा दिया और एक बड़ा सा ईंट उठाकर हमला कर दिया। आरोपी ने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर पास के एक खंडहर में छिपा दिया।

