यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए।
हादसे के दौरान ड्राइवर और बस स्टाफ के कथित तौर पर मौके से भाग जाने की बात सामने आई है। ऐसे में जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र के लहरियापुरवा निवासी हासिर खान (कुछ रिपोर्ट्स में हासिम खान) ने अपनी जान की परवाह किए बिना करीब 13 से 14 यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।
हासिर खुद बस में सवार थे। आग तेजी से फैलने और धुआं भरने के बीच उन्होंने यात्रियों को बाहर निकालने को प्राथमिकता दी। इस दौरान उनका करीब एक लाख 14 हजार रुपये और सामान भी जल गया। खुद हासिर को कमर में गंभीर चोटें आईं।
हासिर ने कहा कि सामान दोबारा खरीदा जा सकता है, लेकिन जिंदगी नहीं। उनकी इस बहादुरी की पूरे इलाके में प्रशंसा हो रही है।
पुलिस ने मामले में ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। जांच जारी है।
–क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

