फरीदाबाद के मानव रचना शैक्षणिक संस्थान कैंपस में 30 अक्टूबर को एक खास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। तालीम-ओ-तर्बियत की पहल पर होने वाले इस एजुकेशन टू एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम को एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड प्रस्तुत कर रही है। इसमें पंजाब नेशनल बैंक और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज भी सहयोगी के रूप में शामिल हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, जरूरतमंद लोगों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें हुनर सिखाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे राष्ट्रगान और मेहमानों के स्वागत से होगी। स्वागत भाषण डॉ. एन. सी. वाधवा देंगे। उद्घाटन भाषण मशहूर उद्यमी जफर सरेशवाला का होगा। डॉ. फारुक पटेल विशेष मार्गदर्शन देंगे, जबकि मुख्य भाषण केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर देंगे। धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. स्वाति सिंह करेंगी। यह उद्घाटन सत्र दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा।
दोपहर के सत्र में युवाओं के लिए उद्यमिता और बिजनेस से जुड़ी वर्कशॉप रखी गई हैं। दोपहर 12:30 से 2 बजे तक सीएल एजुकेट की प्रेसिडेंट सुजाता क्षीरसागर और कैलिफोर्निया के निवेशक वीरेन राणा युवाओं को नए आइडिया को बिजनेस में बदलने के तरीके बताएंगे। इसके बाद 2:45 से शाम 6:30 तक बीएसई की रिया कथूरिया कैपिटल मार्केट से फंड जुटाने की जानकारी देंगी। पंजाब नेशनल बैंक की चीफ लर्निंग ऑफिसर प्रीति झा फाइनेंशियल लिटरेसी और बैंकिंग के जरूरी नियम समझाएंगी।
महिलाओं के लिए भी एक खास वर्कशॉप का आयोजन किया गया है। आसिया सरेशवाला महिलाओं को शुरुआत से ही मैक्रैम वर्क और सोप मेकिंग सिखाएंगी। मैक्रैम में धागों से सजावटी सामान और बैग बनाना सिखाया जाएगा, जबकि सोप मेकिंग में घर पर हर्बल और खुशबूदार साबुन तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह वर्कशॉप दोपहर 12:30 से शाम 5 बजे तक चलेगी।
कार्यक्रम शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेगा। जगह एमआरईआई कैंपस का ऑडिटोरियम है, जो प्लॉट-बी, सूरजकुंड रोड, सेक्टर-43, फरीदाबाद में स्थित है। रजिस्ट्रेशन या ज्यादा जानकारी के लिए डॉ. वैशाली माथुर से 88820 25553 पर संपर्क किया जा सकता है। आधिकारिक वेबसाइट www.taleemotarbiyat.org है।
–क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

