(रईस खान)
मुंबई। उर्दू पत्रकार संघ और उर्दू जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से मरहूमा कमरुन्निसा सईद अहमद की याद में गुरुवार को मुंबई प्रेस क्लब में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उर्दू पत्रकारिता से जुड़े लोगों, पत्रकारों, दोस्तों और शुभचिंतकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि पेश की।
कमरुन्निसा सईद अहमद, रोज़नामा उर्दू टाइम्स के मालिक और मुदीर सईद अहमद की अहलिया तथा उर्दू टाइम्स के मैनेजिंग एडिटर सुहैल अहमद की वालिदा थीं। 26 सितंबर 2026 को उनके इंतकाल की खबर से उर्दू सहाफती हलके में गहरा सदमा पहुंचा था।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि कमरुन्निसा सईद अहमद का उर्दू सहाफत से गहरा जुड़ाव था। वह उर्दू टाइम्स की बेहतरी और अखबार के मेयार को बेहतर बनाने में अपनी हैसियत के मुताबिक योगदान देती रहीं। उनकी तहरीरें, एडिटोरियल और मजामीन भी क़ारईन में पसंद किए जाते थे।
वक्ताओं ने उनकी सादगी, खुशमिजाजी, हमदर्दी और मिलनसार स्वभाव को याद करते हुए कहा कि उनके इंतकाल से परिवार के साथ-साथ उर्दू पत्रकारिता के लोगों को भी बड़ा नुकसान हुआ है।
मुंबई प्रेस क्लब, ग्लास हाउस में हुई इस श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने मरहूमा के लिए दुआ-ए-मगफिरत की और उनके परिवार के प्रति गहरी हमदर्दी का इजहार किया।
–क़ौमी फ़रमान डिजिटल मीडिया नेटवर्क

