समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज समाजवादी पार्टी कार्यालय में विधायक अतुल प्रधान के नेतृत्व में मेरठ के व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मिलकर मेरठ सेन्ट्रल मार्केट मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने अखिलेश यादव से पुलिस की बर्बर कार्रवाई और लाखों लोगों की रोज-रोजी के मामले से जुडे इस मुद्दे को राश्ट्रीयस्तर पर उठाने की मांग की।
प्रतिनिधिमण्डल ने ज्ञापन में बताया कि मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट प्रकरण में हजारों व्यापारी, मजदूर और उनसे जुड़े परिवार पिछले कई दिनों से अपनी रोज़ी-रोटी और वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई आजीविका को बचाने के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। यह केवल दुकानों का मामला नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है।
दुर्भाग्यपूर्ण रूप से इस दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उसने लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। पुलिस लगातार टकराव का माहौल बनाने का प्रयास करती रही। हालात तब और चिंताजनक हो गए जब देर रात लगभग 2ः00 बजे करीब ढाई सौ पुलिसकर्मी धरना स्थल पर पहुंचे, जबकि उस समय वहां केवल लगभग 20 लोग ही मौजूद थे। इसके बावजूद पुलिस ने टेंट उखाड़ने, धरना समाप्त कराने और लोगों को डराने-धमकाने जैसी कार्रवाई की। समाजवादी पार्टी के झंडे लगाने पर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया।
श्री अखिलेष यादव ने प्रतिनिधिमण्डल को मदद का आष्वासन देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर रास्ता निकाल कर व्यापारियों की मदद करेंगे। जिससे इनके दुकान और कारोबार बचा रहे। स्थान भी न उजड़े। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह कोई कानूनी कार्रवाई न करे। पुलिस की प्रताड़ना रोकें। सहानुभूति दिखाते हुए व्यापारियों की मदद करें। सरकार चाहे तो प्रभावित परिवारों की मदद हो सकती है। सरकार मास्टर प्लान में बदलाव कर रास्ता निकाल सकती है। कारोबारियों की मदद होनी चाहिए। व्यापारी से सेन्ट्रल मार्केट में वर्षों से व्यापार कारोबार कर रहे है।
Date:

